भारत से दुनिया की सबसे तेज क्रूज मिसाइल ब्रह्मोस खरीदेगा फिलीपींस देश // जानिए पूर्ण जानकारी
रविवार, 16 जनवरी 2022
Comment
फिलीपींस ने भारत के साथ दुनिया की सबसे तेज सुपरसोनिक एंटी शिप क्रूज मिसाइल ब्रह्मोस (BrahMos missile) की खरीद को मंजूरी दे दी है. यह पूरी मिसाइल डील लगभग 37 करोड़ 40 लाख डॉलर की होगी. दोनों देशों के बीच इस संबंध में जल्द ही समझौते पर हस्ताक्षर होगा. यह ब्रह्मोस मिसाइल के लिए पहला विदेशी आर्डर है.
इसकी सूचना फिलीपींस के राष्ट्रीय रक्षा विभाग द्वारा ब्रह्मोस के अधिकारियों को दी गई है. भारतीय नौसेना और रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने 11 जनवरी को ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल का सफल परीक्षण किया है. यह मिसाइल भारत एवं रूस के बीच एक संयुक्त उद्यम है जहां DRDO भारतीय पक्ष का प्रतिनिधित्व करता है.
फिलीपींस ने चीन के विरुद्ध अपनी सैन्य तैयारी के लिए भारत-रूस द्वारा मिलकर बनाई गई ब्रह्मोस मिसाइल पर भरोसा जताया है. गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में फिलीपींस ने अपनी सेना के आधुनिकीकरण के लिए कई रक्षा सौदे किए हैं.
ब्रह्मोस मिसाइल के बारे में
ब्रह्मोस मिसाइल ध्वनि की गति से लगभग तीन गुना तेज उड़ान भर सकती है. ब्रह्मोस के विकास के लिए भारत तथा रूस के बीच एक साझेदारी है, दोनों सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल सिस्टम के उत्पादन में माहिर है. आपको बता दें कि ब्रह्मोस एक शक्तिशाली आक्रामक मिसाइल हथियार प्रणाली है. इसका उपयोग पहले से ही भारतीय नौसेना, भारतीय वायु सेना के साथ-साथ भारतीय सेना द्वारा भी किया जाता है.
यह मिसाइल लगभग 290 किलोमीटर दूरी तक मार सकती है. ब्रह्मोस मिसाइल पनडुब्बी से, पानी के जहाज से, विमान से तथा जमीन से भी छोड़ा जा सकता है. ब्रह्मोस भारत तथा रूस के द्वारा विकसित की गई अब तक की सबसे आधुनिक प्रक्षेपास्त्र प्रणाली है. भारत को इसने मिसाइल तकनीक में अग्रणी देश बना दिया है.
ब्रह्मोस की मुख्य विशेषता यह भी है कि इसे जमीन से, हवा से, पनडुब्बी से, युद्धपोत से यानी कि लगभग कहीं से भी दागा जा सकता है. ब्रह्मोस मिसाइल हवा में ही मार्ग बदल सकती है और चलते फिरते लक्ष्य को भी भेद सकती है. यह मिसाइल तकनीक थलसेना, जलसेना एवं वायुसेना तीनों के काम आ सकती है.
0 Response to "भारत से दुनिया की सबसे तेज क्रूज मिसाइल ब्रह्मोस खरीदेगा फिलीपींस देश // जानिए पूर्ण जानकारी "
एक टिप्पणी भेजें